अमरोहा में प्रेम विवाद बना गोलीकांड: बहन के रिश्ते पर बोले भाई को प्रेमी ने मारी गोली, हालत गंभीर
Amroha News: अमरोहा जिले के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां बहन के प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि बहन के प्रेमी से शादी करने या रिश्ता खत्म करने की बात पर बहस इतनी बढ़ी कि गुस्से में प्रेमी ने युवक पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डिडौली क्षेत्र के जोया कस्बे में घटी वारदात
निकाह करो या रिश्ता छोड़ो-भाई की चेतावनी बनी गोलीकांड की वजह
शनिवार को अरमान सोनू अपनी बहन के प्रेमी ताविश रजा के घर पहुंचा और उससे या तो उसी दिन निकाह करने या रिश्ता खत्म करने की बात कही। इस बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ा कि ताविश ने गुस्से में आकर पिस्तौल निकाल ली और अरमान पर फायर झोंक दिया। गोली उसके हाथ से निकलकर कंधे में जा लगी।
फायरिंग के बाद भगदड़
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डिडौली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को पहले सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे मुरादाबाद रेफर किया गया। फिलहाल अरमान सोनू का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी ताविश रजा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
