गणतंत्र दिवस परेड में सीटिंग अरेंजमेंट पर घमासान..राहुल-खरगे को तीसरी पंक्ति में बैठाने पर भड़की कांग्रेस; भाजपा बोली- "यह प्रोटोकॉल है, अहंकार नहीं"
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस परेड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को तीसरी पंक्ति में बैठाए जाने को पार्टी ने विपक्ष और संविधान का अपमान बताया। कांग्रेस के नेताओं ने सरकार पर प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार की हताशा और हीनभावना को दर्शाता है, जबकि भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर सिटिंग अरेंजमेंट को राजनीति का मुद्दा बनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह वरिष्ठतम नेता हैं और राहुल गांधी को भी कैबिनेट रैंक प्राप्त है, इसके बावजूद उन्हें तीसरी लाइन में बैठाया गया, जहां राज्यमंत्री और बच्चे बैठे थे। इसके लिए उन्हें अपने सचिवों को भेजकर पास और जगह तलाशनी पड़ी। सरकार की ओर से कोई इंतजाम नहीं था। सरकार ने न सिर्फ उनका, बल्कि विपक्ष और संविधान का भी अपमान किया है। ऐसा क्यों किया गया और इस पर सरकार को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साल 2014 की परेड की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि तब लालकृष्ण आडवाणी को सबसे आगे की पंक्ति में बैठाया गया था। अब विपक्ष के नेताओं को पीछे क्यों किया गया। टैगोर ने आरोप लगाया कि मोदी और शाह खरगे और राहुल गांधी का अपमान करना चाहते हैं। विपक्ष के नेताओं को इस तरह से अपमानित नहीं किया जा सकता, खासकर गणतंत्र दिवस जैसे अवसर पर।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी कहा कि विपक्ष के नेता के लिए जो प्रोटोकॉल अपनाया जाना चाहिए था, वह दिखाई नहीं दिया। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा, कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी, कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा और कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने एक्स पर पोस्ट लिखकर गणतंत्र दिवस की परेड के समय सिटिंग अरेजमेंट और राहुल गांधी के अपमान का विषय उठाया।
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस शर्मनाक तरीके से सीटिंग अरेंजमेंट को राजनीति का मुद्दा बना रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी तीसरी पंक्ति में बैठने की चिंता नहीं कर रहे थे, बल्कि फोन पर व्यस्त थे, जबकि देश ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत का जश्न मना रहा था। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर कहा कि कांग्रेस फिर से परिवार और पद को संविधान से ऊपर मान रही है। सीटिंग एक तय प्रारूप के अनुसार होती है, जिसे टेबल ऑफ प्रिसीडेंस कहते हैं। उसी तस्वीर में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी पीछे बैठे थे, लेकिन उन्होंने कोई शिकायत नहीं की। राहुल गांधी सोचते हैं कि वह भारत के मालिक हैं। राहुल गांधी उपराष्ट्रपति और मुख्य न्यायाधीश के शपथ ग्रहण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में क्यों अनुपस्थित रहते हैं।
पूनावाला ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अर्जुन राम मेघवाल भी पीछे बैठे थे, लेकिन उन्होंने शिकायत नहीं की क्योंकि उनके लिए वीवीआईपी ट्रीटमेंट देश से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। लेकिन राहुल गांधी सोचते हैं कि उन्हें पहली पंक्ति में बैठना चाहिए। जनता फैसला करेगी। उल्लेखनीय है कि 'टेबल ऑफ प्रिसीडेंस' के अनुसार लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के नेता सातवें स्थान पर आते हैं, जो कैबिनेट मंत्रियों के बराबर है। यह क्रम औपचारिक अवसरों पर लागू होता है। इस पूरे विवाद पर केंद्र सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां