पंकज चौधरी को 'मनाने' आना पड़ा मुजफ्फरनगर: दोपहर में बिना रुके निकले थे प्रदेशाध्यक्ष, शाम को कार्यकर्ताओं की 'पावर' के आगे झुकना पड़ा
मुजफ्फरनगर/Muzaffarnagar। कहते हैं राजनीति में कार्यकर्ताओं की नाराजगी बड़े-बड़े दिग्गजों को भी राह बदलने पर मजबूर कर देती है। कुछ ऐसा ही नजारा रविवार को मुजफ्फरनगर में देखने को मिला, जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को कार्यकर्ताओं की 'खामोश नाराजगी' भांपकर शाम को विशेष रूप से मुजफ्फरनगर में रुकना पड़ा।
रविवार दोपहर जब प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी दिल्ली से देवबंद जा रहे थे, तब जड़ौदा जट गांव के पास मंत्री कपिल देव अग्रवाल और जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पलकें बिछाए खड़े थे। लेकिन जब प्रदेशाध्यक्ष की गाड़ी बिना रुके सर्राटे से निकल गई, तो कार्यकर्ताओं के चेहरों पर मायूसी और गुस्सा साफ दिखने लगा। चर्चा शुरू हो गई कि क्या कार्यकर्ताओं के पसीने की कोई कदर नहीं ?
मंत्री कपिल देव की 'डैमेज कंट्रोल' पॉलिटिक्स
कार्यकर्ताओं के इस 'पारे' को भांपते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल तुरंत एक्टिव हुए। उन्होंने देवबंद पहुंचकर प्रदेशाध्यक्ष को जमीनी हकीकत और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का वास्ता दिया। नतीजा यह हुआ कि वापसी में पंकज चौधरी को अपना कार्यक्रम बदलकर मुजफ्फरनगर में रुकना ही पड़ा।
मूलचंद रिसोर्ट में 'रॉयल' मान-मनौव्वल
शाम को दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित मूलचंद रिसोर्ट पर नजारा बदला हुआ था। प्रदेशाध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया का भव्य स्वागत हुआ। वापसी में दिल्ली लौटते समय पंकज चौधरी ने मुजफ्फरनगर के मूलचंद रिसोर्ट पर रुककर कार्यकर्ताओं को पूरा समय दिया। क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया की मौजूदगी में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत हुआ। रिसोर्ट की निदेशक एवं भाजपा नेत्री ममता अग्रवाल, दीप अग्रवाल और पीयूष अग्रवाल ने परिवार सहित प्रदेशाध्यक्ष का हृदयपूर्वक अभिनंदन किया।
ममता अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेशाध्यक्ष का आगमन संगठनात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संगठन के वरिष्ठ और कर्मठ कार्यकर्ताओं का क्रमवार परिचय कराया। पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं की बातों को ध्यान से सुना और आपसी संवाद स्थापित कर सभी के गिले-शिकवे दूर किए। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों और जनसेवा के संकल्प को लेकर संगठन को नई दिशा देने का भरोसा दिलाया।
इन दिग्गजों की रही मौजूदगी:
गिले-शिकवे दूर करने के इस 'मिशन' में जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, रूपेन्द्र सैनी, यशपाल पंवार, संजय गर्ग, डॉ. देशबंधु तोमर, प्रवीण खेड़ा, मनुप्रिय मजदूर, नंद किशोर पाल, जितेन्द्र कुच्छल, पवन अरोरा, सुखदर्शन सिंह बेदी, शरद शर्मा, अमित चौधरी मोरना सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। अंत में हंसी-खुशी और नई ऊर्जा के साथ प्रदेशाध्यक्ष को विदा किया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
