नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र से बाइक सवार दो बदमाशों ने राह चलती एक महिला के कान का कुंडल छीन लिया। पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्जकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि अनीता पत्नी चुन्नीलाल सुंदर वाली गली बिसाहड़ा रोड दादरी में रहती हैं। महिला के अनुसार रात के समय वह जा रही थी तभी बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए। एक बदमाश ने पीछे से उनके कंधे पर हाथ मारा तथा उनके कान के दोनों कुंडल छीनकर भाग गया। महिला के अनुसार जब तक वह समझ पाती बदमाश वहां से भाग गए।
उन्होंने बताया कि बदमाश काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। महिला के अनुसार इस घटना से वह काफी भयभीत है। इस बाबत थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।