नोएडा। केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण ने लगातार 9वीं बार बजट पेश कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है बजट 2026-27 में वित्त मंत्री ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है।
वहीं केंद्र सरकार द्वारा रविवार को पेश आम बजट को लेकर नोएडा के व्यापारियों में निराशा देखने को मिली। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार का बजट उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। इसमें न तो आम जनता की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है और न ही व्यापारियों को कोई ठोस राहत दी गई है।
नोएडा के सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर में प्रदेश सचिव मनीष शर्मा के कार्यालय पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की पूरी टीम ने एक साथ बजट को देखा l प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण गर्ग, निखिल अग्रवाल, राजेश जिंदल, शिवा चौहान सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहें।
बजट 2026-27 पर व्यापारियों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट से व्यापारियों को काफी उम्मीद थी कि इंपोर्ट ड्यूटी या जीएसटी में कटौती की जाएगी, जिससे व्यापार को कुछ राहत मिलेगी, लेकिन इस दिशा में कोई घोषणा नहीं की गई। इसके अलावा एमएसएमई सेक्टर को लेकर भी किसी तरह की राहत भरी घोषणा नहीं हुई।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने बजट पर अपनी राय रखते हुए कहा कि 2026- 27 के बजट में व्यापारियों और उद्यमियों के लिए ज़्यादा ख़ास कुछ भी नहीं है। मगर शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुत अधिक सक्रियता देखी जा रही है l भारत के भविष्य के लिए यह अत्याधिक ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में विदेश यात्रा और पढ़ाई पर टैक्स में राहत दी है। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादन में विविधता लाने, उत्पादकता बढ़ाने और किसान की आय बढ़ाने के लिए सरकार उच्च मूल्य वाली फसलों को प्रोत्साहित करेगी।
टिप्पणियां