नोएडा। ग्रेटर नोएडा में बन रहे एक कमर्शियल प्रोजेक्ट में दुकान बेचने के नाम पर मैसर्स वर्ल्ड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड नामक बिल्डर्स द्वारा दो लोगों से लाखों रुपए लेने के बाद पैसे हड़पने का आरोप लगा है।
इस मामले में महिला समेत दो लोगों ने थाना ईकोटेक- 3 में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्हें एक दुकान खरीदनी थी, उनका आरोप है कि बिल्डर कंपनी के लोगों ने धोखाधड़ी करके उनसे लाखों रुपए ले लिया तथा उन्हें दुकान नहीं दिया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि अमित कुमार पुत्र देवेंद्र सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्हें एक कमर्शियल शॉप खरीदनी थी। पीड़ित के अनुसार मैसर्स वर्ल्ड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड ईकोटेक-तीन में एक कमर्शियल प्रोजेक्ट बना रहा था। बिल्डर कंपनी के निदेशक आलोक कुमार ,वहीद रहमान और मैनेजर रघुवीर सिंह ने उनसे संपर्क किया तथा उन्हें 126 स्क्वायर फीट की दुकान देने की बात की। पीड़ित के अनुसार सौदा 24 लाख 54 हजार 833 रुपये में तय हुआ। पीड़ित के अनुसार उन्होंने विभिन्न बार में आरोपियों को उक्त रुपये दे दिया। पीड़ित का आरोप है कि पैसा लेने के बावजूद भी बिल्डर ने उन्हें ना तो दुकान दी और ना ही उनके पैसे वापस कर रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में वंदना नामक महिला ने मैसर्स वर्ल्ड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर आलोक कुमार, डायरेक्टर वहिद रहमान और मैनेजर रघुवीर सिंह आदि को नामित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्होंने आरोपियों से 140 स्क्वायर फीट की एक दुकान खरीदने का सौदा किया था। महिला के अनुसार उक्त लोगों ने उससे करीब 32 लाख 92 हजार 800 रुपए ले लिया तथा धोखाधड़ी करके उनकी रकम हड़प ली। महिला का आरोप है कि आरोपी ना तो उनकी दुकान दे रहे हैं और ना ही उसके पैसे दे रहे हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पीड़ितों की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
टिप्पणियां