NDA में जाने की अटकलों पर मुकेश सहनी का विराम, कहा- तेजस्वी की सरकार बनाकर ही लूंगा दम

Bihar News: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बिहार विधानसभा चुनाव को बेहतर भविष्य का चुनाव बताते हुए साफ कहा कि आगामी चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनेगी और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। सहनी ने दावा किया कि उनकी भूमिका इस बार उपमुख्यमंत्री की होगी और जनता महागठबंधन के साथ खड़ी है।
बैठक में सीट बंटवारे पर बनी सहमति
NDA में जाने की अटकलों को साफ तौर पर खारिज
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे NDA का हिस्सा बन सकते हैं, तो सहनी ने इन अटकलों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे महागठबंधन का हिस्सा हैं और इसी गठबंधन की सरकार बनाने के लिए उनकी पार्टी प्रदेश में लगातार काम कर रही है। सहनी का कहना है कि उनका पूरा ध्यान महागठबंधन को मजबूत बनाने और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने पर है।
महागठबंधन में कोई तकरार नहीं, सब एकजुट हैं
महागठबंधन में मतभेद या टूट की अफवाहों पर मुकेश सहनी ने साफ कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और सभी सहयोगी दल चुनाव मैदान में कंधे से कंधा मिलाकर उतरेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि वे मौजूदा सरकार को उखाड़कर नई दिशा और नए संकल्प के साथ बिहार का निर्माण करेंगे।
जनता महागठबंधन के काम से संतुष्ट
सहनी ने महागठबंधन सरकार के 17 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गठबंधन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और अन्य बुनियादी क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है। महिला और युवाओं के लिए कई नई योजनाएं लागू की गई हैं, जिससे रोजगार और अवसरों में वृद्धि हुई है। भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं से परेशान जनता अब बदलाव चाहती है और एक नया बिहार बनाने के लिए महागठबंधन को चुनने को तैयार है।