गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और बीडीएस ने की सघन जांच
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। इस बार ग्लैक्सिया मॉल में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजा, जिसमें रातू रोड स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई। धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। पुलिस और बीडीएस टीम ने पासपोर्ट कार्यालय के अंदर और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली। मॉल परिसर के अलग-अलग हिस्सों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि, कई घंटों तक चली जांच के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी गई है।
पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर टीम की मदद से मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि पूरे परिसर की जांच की गई है और मामले की तकनीकी जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी रांची में इसी तरह की धमकी का मामला सामने आ चुका है। कुछ समय पहले रांची सिविल न्यायालय और समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। हालांकि, उस मामले में भी व्यापक तलाशी अभियान के बावजूद कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां