मप्र के कटनी में कोयले से भरी मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरे, यातायात प्रभावित
भोपाल। बिलासपुर रेलखंड से कोयला भरकर बड़ोदरा जा रही एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे शनिवार को मध्य प्रदेश के कटनी मुड़वारा स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। हादसे के कारण कटनी-बिलासपुर और कटनी-शहडोल रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को बिलासपुर से एक मालगाड़ी कोयला भरकर बड़ोदरा जा रही थी। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही मालगाड़ी एनकेजे से कटनी मुड़वारा की ओर बढी, बाबा घाट के पास बने केबिन के पास अचानक धमाके के साथ मालगाड़ी के एक के बाद एक पांच डिब्बे पटरी से उतर गए और कोयला ट्रैक पर बिखर गया। किसी तरह से लोको पायलट ने ट्रेन रोकी और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। फिलहाल ट्रैक को सुधारने और पटरी से उतरे डिब्बों को वापस पटरी पर लाने का कार्य जारी है।
हादसे के कारण बिलासपुर बीना रेलखंड पर कटनी से गुजरने वाली अप और डाउन लाइन की कई यात्री ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। कुछ ट्रेनों को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को रोककर स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है। यात्रियों को हो रही असुविधा को देखते हुए रेलवे द्वारा जल्द से जल्द ट्रैक बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। जबलपुर डीआरएम कमल तलरेजा सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
कटनी के एरिया मैनेजर (रेल) रोहित सिंह ने बताया कि बिलासपुर रेलखंड से कोयला लेकर वेस्ट बड़ोदरा जा रही मालगाड़ी की पांच बोगियां न्यू कटनी जंक्शन के ए-केबिन के पास डीरेल हुई है। कटनी की एआरटी टीम मौके पर काम कर रही है और जबलपुर से भी राहत टीम बुलाई गई है, जो राहत और मरम्मत कार्य में जुट गई है। डिब्बों को काटकर अलग करते हुए पटरी पर बिखरे कोयले को अलग करने का कार्य किया जा रहा है। वही डिब्बों में भरे कोयले को भी मजदूर और मशीनों की मदद से खाली कराया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द रेलवे ट्रैक का सुधार करते हुए यातायात को बहाल किया जा सके। रेलवे का प्रयास है कि जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर प्रभावित ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कराया जाए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां