'आम' है गठिया की मुख्य वजह, आयुर्वेद से जानें बचाव का तरीका
नई दिल्ली। जोड़ों में दर्द, सुबह की जकड़न, चलते समय आवाज आना और सीढ़ियां चढ़ने में तकलीफ, ये गठिया के शुरुआती संकेत हैं। आयुर्वेद में बताया जाता है कि गठिया की मुख्य वजह आम है। आयुर्वेदाचार्य इसे बेहद तकलीफ भरा बताते हैं। यानी आम (न पचा हुआ भोजन) और वात दोष मिलकर जोड़ों में जम जाएं तो यह गठिया के रूप में काफी मुश्किलें देता है। आयुर्वेद इससे बचाव और राहत का तरीका भी बताता है। आयुर्वेद के अनुसार, जब पाचन अग्नि मंद पड़ती है तो भोजन पूरी तरह नहीं पचता और 'आम' बनकर शरीर में जमा होने लगता है।
इन छोटे-छोटे संकेतों को लोग अक्सर उम्र का असर या थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो खतरनाक हो सकता है। 40 साल से ऊपर के लोग, मोटापा वाले, धूप से दूर रहने वाले, व्यायाम न करने वाले, तला-भुना और भारी भोजन करने वाले, और जिनकी जीवनशैली अनियमित है, उन्हें 'आम' जल्दी घेर लेता है। आयुर्वेद में बचाव के आसान उपाय बताए गए हैं। इसके लिए सुबह हल्का योग और टहलना, गुनगुने पानी से जोड़ों की सेंकाई, हल्दी, अदरक, मेथी, अजवाइन का नियमित सेवन, ठंडी चीजें, दही, फ्रिज का खाना कम करें। रोजाना कम से कम 15 मिनट धूप जरूर लेनी चाहिए। वजन नियंत्रित कर खूब पानी पीना चाहिए।
