मुजफ्फरनगर: मोरना क्षेत्र में विद्युत पोल से टकराई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
रहकड़ा पुलिया के पास हुआ मखियाली निवासी युवक के साथ हादसा
मोरना (मुज़फ्फरनगर)। भोपा-मुज़फ्फरनगर मार्ग पर रहकड़ा पुलिया के समीप एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। किसी अज्ञात वाहन से बचने के चक्कर में अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुबह गश्त के दौरान पुलिस ने शव को देखकर परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
वाहन से बचने के प्रयास में बेकाबू हुई बाइकप्राप्त जानकारी के अनुसार, नई मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम मखियाली का निवासी 24 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र शेर सिंह पेशे से नाई का काम करता था। वह गुरुवार को अपनी बाइक पर सवार होकर भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहकड़ा की ओर आ रहा था। जैसे ही वह रहकड़ा पुलिया के पास स्थित 'देव फॉर्म्स' के सामने पहुँचा, तभी सामने से आ रहे एक वाहन से बचने के प्रयास में उसकी बाइक पर से नियंत्रण छूट गया। बेकाबू हुई बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े 33 केवी विद्युत पोल से जा टकराई।
सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दिनेश के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रात के अंधेरे में हादसा होने के कारण किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। शुक्रवार की अलसुबह भोपा-मुज़फ्फरनगर मार्ग पर नियमित गश्त कर रही भोपा पुलिस की नजर सड़क किनारे विद्युत पोल के पास पड़े युवक और उसकी क्षतिग्रस्त बाइक पर पड़ी। पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भोपा पहुँचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जाँच के बाद ही दिनेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक के कागजात और हुलिए के आधार पर मृतक की शिनाख्त कर उसके परिजनों को घटना की सूचना दी।
अस्पताल पहुँचे परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन बदहवास हालत में सीएचसी भोपा पहुँचे और शव की पहचान दिनेश के रूप में की। युवक की असमय मृत्यु की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के पिता शेर सिंह, माता सुनीता तथा भाई अरुण, सागर और गौरव का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव मखियाली में भी इस दर्दनाक हादसे से शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकार नरेंद्र बालियान पिछले 6 वर्षों से मुज़फ्फरनगर के भोपा, मोरना और ककरौली क्षेत्र में 'रॉयल बुलेटिन' के प्रतिनिधि के रूप में निरंतर सक्रिय हैं। क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक स्थितियों की गहरी समझ रखने वाले नरेंद्र बालियान ग्रामीण समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पिछले 6 सालों में उन्होंने अपनी निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से भोपा-मोरना क्षेत्र की जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य किया है। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 7906131417 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां