पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर पत्नी से मारपीट का आरोप! कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने दी तहरीर, वीडियो वायरल
बुलंदशहर। शिकारपुर बाईपास रोड स्थित ओल्ड आरटीओ ऑफिस के पास रहने वाली कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अर्चना पांडा का आरोप है कि वह अपने बेटे के साथ घर में मौजूद थीं। इसी दौरान पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उनके घर पहुंचे और दरवाजा जोर-जोर से खटखटाते हुए चिल्लाने लगे। आरोप है कि दरवाजा खोलने पर उन्होंने महिला को धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया और कथित तौर पर अपमानजनक व अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया।शिकायत के मुताबिक, महिला के फर्श पर गिरने के बाद आरोपी ने उनके बाल खींचे और मारपीट की। इसी दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा और मोबाइल से घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनता देख आरोपी कथित तौर पर पीछे हट गया। इसके बाद पीड़िता किसी तरह घर से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी।
कांग्रेस नेत्री ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि पूर्व विधायक और उनके परिवार की ओर से उन्हें तथा उनके बच्चे को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अदालत में पूर्व से चल रहे मामलों को वह वापस नहीं लेंगी। साथ ही अपनी और अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर खतरा बताते हुए 24 घंटे महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
बुलंदशहर जनपद के वरिष्ठ पत्रकार वरुण शर्मा को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य करने का 18 वर्षों का लंबा और गहरा अनुभव है, जिसके दौरान उन्होंने इंडिया टीवी, साधना न्यूज़, प्राइम न्यूज़ और इंडिया वॉइस जैसे प्रतिष्ठित टीवी चैनलों के साथ-साथ नवभारत टाइम्स और राजस्थान पत्रिका जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं। मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और राजनीति (पॉलिटिक्स) की खबरों पर मजबूत पकड़ रखने वाले वरुण शर्मा ने बुलंदशहर क्षेत्र की राजनीतिक हलचलों और बड़ी आपराधिक घटनाओं को लंबे समय तक प्रमुखता से कवर कर पत्रकारिता जगत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। बुलंदशहर जनपद से संबंधित किसी भी प्रकार की महत्वपूर्ण सूचना या समाचार के लिए उनसे उनके मोबाइल नंबर 9058504141 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां