मुजफ्फरनगर में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का 33वां स्थापना दिवस लखनऊ में धूमधाम से संपन्न
‘स्वदेशी व्यापारी कुंभ’ में उमड़ा व्यापारियों का सैलाब, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने व्यापारियों को बताया अर्थव्यवस्था की रीढ़
मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का 33वां स्थापना दिवस समारोह ‘स्वदेशी व्यापारी कुंभ’ के रूप में लखनऊ स्थित अंबेडकर भवन में बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। बारिश के बावजूद खचाखच भरे सभागार ने व्यापारियों की एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना रहे। इसके अलावा आरएसएस के सतीश भाई साहब, कश्मीरी लाल एवं पटकी, अंबेडकर भवन के कुलपति राजकुमार मित्तल सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
अतिथियों का स्वागत अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपिन कंसल, युवा प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता, महिला इकाई की अध्यक्ष अनीता जायसवाल तथा वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।
व्यापारियों से खचाखच भरे सभागार को देखकर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतनी भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में व्यापारियों का कार्यक्रम में पहुंचना उनकी एकजुटता और संगठन के प्रति विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने व्यापारियों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि व्यापारी सरकार के लिए भामाशाह की भूमिका निभाते हैं।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि भारी संख्या में व्यापारियों की उपस्थिति से यह साबित हो गया है कि व्यापारी संगठन पर पूर्ण विश्वास रखते हैं। उन्होंने वित्त मंत्री के समक्ष व्यापारियों की समस्याओं और सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
व्यापारियों की प्रमुख मांगें
आग, शॉर्ट सर्किट अथवा बाढ़ से व्यापारियों को होने वाले नुकसान पर सरकार द्वारा तत्काल मुआवजा दिया जाए।
जीएसटी के छापों पर तत्काल रोक लगाई जाए।
शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्र की तर्ज पर व्यापारियों को भी विधानसभा एवं राज्यसभा में प्रतिनिधित्व का अवसर दिया जाए।
प्रत्येक व्यापारी को 10 लाख रुपये तक के इलाज की कैशलेस सुविधा सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाए।
जीएसटी व्यवस्था में व्याप्त कमियों को शीघ्र दूर किया जाए।
ई-कॉमर्स क्षेत्र के लिए नियामक आयोग का गठन किया जाए।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वह अपनी ओर से भी पूरा प्रयास करेंगे।
मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में व्यापारी पहुंचे
‘स्वदेशी व्यापारी कुंभ’ में मुजफ्फरनगर से भी बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। इनमें संजय मित्तल, प्रमोद त्यागी, राजेंद्र सिंघल, आशुतोष गुप्ता, नीरज बंसल, अंशुमान अग्रवाल, राकेश ढींगरा, नरेश अरोड़ा, राजेश गोयल, कीमती लाल जैन, नीरज गांधी, विवेक गर्ग, विपिन गोयल, विकल्प जैन, शरद गोयल, दिनेश जैन, लवी गोयल, अमित राय जैन, प्रवीण धीमान, धारा पाल, केतन, करनावल, कुश सिंघल सहित अनेक व्यापारी शामिल रहे।
समारोह में व्यापारियों ने संगठन की एकजुटता को मजबूत करने तथा व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प लिया।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां