गाजियाबादः संतोष हॉस्पिटल में भर्ती रवि गौतम से मिलने उमड़े समर्थक, पुलिस से नोकझोंक का वीडियो वायरल; झड़प-पथराव के दावों की पुष्टि नहीं
गाजियाबाद। गाजियाबाद युवा शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि गौतम को भूख हड़ताल के चलते रात में मेरठ पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने के बाद गाजियाबाद के संतोष हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मेरठ में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उन्हें गाजियाबाद रेफर किया गया।
रवि गौतम के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक संतोष हॉस्पिटल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में पुलिस बल भी तैनात था। इसी दौरान समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बनने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें गाजियाबाद में 77 निर्माण श्रमिकों को मिला 21.07 लाख रुपये का लाभ, महापौर ने वितरित किए चेकइस घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो के आधार पर समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प तथा पथराव के दावे भी सोशल मीडिया पर किए जा रहे हैं।
हालांकि, झड़प या पथराव की मेरठ अथवा गाजियाबाद पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और उससे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
अस्पताल में समर्थकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की ओर से अस्पताल परिसर में व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थिति पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां