मुजफ्फरनगर: ससुरालियों के जुल्म के खिलाफ बच्चों संग धरने पर बैठी विवाहिता, सुजड़ू में मचा हड़कंप
जड़ौदा निवासी पीड़िता का आरोप: 'गरीब घर की होने के कारण मिला ताना और मारपीट', अब न्याय के लिए ससुराल के गेट पर ही जमाया डेरा
मुजफ्फरनगर/सुजड़ू। उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के बड़े दावों के बीच मुजफ्फरनगर के सुजड़ू गांव से एक झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहाँ एक विवाहिता, ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर अपने मासूम बच्चों के साथ कड़ाके की ठंड में घर के बाहर धरने पर बैठ गई है। पीड़िता ने अपने ससुरालियों पर मानसिक उत्पीड़न, मारपीट और गरीबी का ताना देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
मूल रूप से ग्राम जड़ौदा निवासी पीड़िता की शादी सुजड़ू में मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे और उसके बच्चों को प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता के अनुसार, उसका मायका गरीब होने के कारण ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार अपमानित करते रहे। मारपीट और मानसिक उत्पीड़न जब असहनीय हो गया और समाज से भी कोई ठोस मदद नहीं मिली, तो अंततः पीड़िता ने अपने बच्चों के साथ ससुराल के मुख्य गेट के सामने बैठकर न्याय की गुहार लगाने का फैसला किया।
पीड़िता ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'पिंक बूथ' और 'मिशन शक्ति' जैसे अभियानों के बीच सरेराह एक महिला का बच्चों संग धरना देना स्थानीय प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां