मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में तितावी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से साइन बोर्ड, डिवाइडर की लोहे की पत्तियां और अन्य सरकारी सामान बरामद किया गया है।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि नेशनल हाईवे से लगातार सरकारी संपत्ति चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तितावी पुलिस को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और पूछताछ में उन्होंने अपने अपराध स्वीकार कर लिए।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी काफी समय से हाईवे पर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान और वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। फिलहाल दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

टिप्पणियां