मुजफ्फरनगर: खरड़ में जमीन कब्जाने और जानलेवा हमले पर आक्रोश, अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने दी थाने पर पंचायत की चेतावनी
एसएसपी से मिले राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति: दबंगों की गिरफ्तारी न होने पर फुगाना थाने में घेराव का किया एलान
मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खरड़ में प्रजापति समाज के लोगों की जमीन पर कब्जे और उन पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में सोमवार को भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा ने हुंकार भरी। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और एसएसपी संजय कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपकर दबंगों की जल्द गिरफ्तारी और जमीन कब्जामुक्त कराने की मांग की।
मोहन प्रजापति ने एसएसपी को बताया कि गांव खरड़ निवासी रमेश, मनोज, मिंटू और महावीरी की जमीन पर गांव के ही एक दबंग भूमाफिया कृष्णपाल ने पिछले 6 महीनों से अवैध कब्जा कर रखा है। आरोप है कि आरोपी ने खुद का मकान भी सरकारी बंजर भूमि पर बना रखा है। पीड़ितों का कहना है कि प्रशासन से बार-बार शिकायत के बावजूद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
रास्ते में घेरकर किया जानलेवा हमला, छिनी बाइक
मोर्चा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीते 30 जनवरी को दबंग कृष्णपाल और उसके पुत्रों ने पीड़ित मिंटू व सनी को रास्ते में रोककर उन पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की बल्कि उनकी मोटरसाइकिल भी छीन ली। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी के घर से बाइक तो बरामद कर ली, लेकिन उसे थाने में खड़ी कर खानापूर्ति कर दी। पुलिस की ढिलाई के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
अगली कार्रवाई: फुगाना थाने पर होगी बड़ी पंचायत
एसएसपी को दिए ज्ञापन में मोर्चा ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों को जेल नहीं भेजा गया और पीड़ितों की जमीन वापस नहीं दिलाई गई, तो मोर्चा के कार्यकर्ता फुगाना थाने का घेराव कर वहां पंचायत करेंगे। इस दौरान रामपाल सिंह पाल, विजय पाल, रामनिवास प्रजापति, रवि पाल समेत समाज के दर्जनों लोग मौजूद रहे।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
बिजेंद्र सैनी वर्ष 1993 से निरंतर रॉयल बुलेटिन परिवार का एक अभिन्न हिस्सा हैं। तीन दशकों से अधिक के अपने गौरवशाली सफर में उन्होंने संस्थान को तकनीकी और संपादकीय, दोनों मोर्चों पर मजबूती दी है।
वर्तमान में वह कंप्यूटर विभाग के वरिष्ठ प्रमुख (Senior In-charge) के रूप में तकनीकी कमान संभालने के साथ-साथ संपादकीय टीम (Editorial Team) के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं। तकनीकी विशेषज्ञता और अनुभवी लेखनी के अनूठे संगम के साथ बिजेंद्र सैनी रॉयल बुलेटिन की विश्वसनीयता और प्रगति में निरंतर अपना बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं।

टिप्पणियां