मुजफ्फरनगर में लेखपाल पर रिश्वत का आरोप, 50 हजार लेकर नहीं दिलाया कब्जा, DM ने बिठाई जांच
मंत्री कपिलदेव अग्रवाल के हस्तक्षेप के बाद DM ने बिठाई जांच, ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों ने बढ़ाई लेखपाल की मुश्किलें
मुजफ्फरनगर। खतौली तहसील के मंसूरपुर गांव में एक लेखपाल द्वारा प्लॉट पर कब्जा दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण ने साक्ष्यों के साथ जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से शिकायत की, जिसके बाद आरोपी लेखपाल के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस मामले में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल के हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामला ग्राम मंसूरपुर निवासी रोहित पुत्र ओमपाल प्रजापत से जुड़ा है। रोहित ने साल 2023 में एक दलित महिला से 100 गज का प्लॉट खरीदा था, लेकिन बैनामे में नंबर की गलती के कारण कब्जा नहीं मिल पाया। जब रोहित ने लेखपाल राजीव लोचन से मदद मांगी, तो आरोप है कि लेखपाल ने कब्जा दिलाने के एवज में 70 हजार रुपये की मांग की, जिसमें से 50 हजार रुपये रोहित ने दे दिए।
ऑडियो और वीडियो ने खोली पोल
काम न होने और मामला बिगड़ता देख रोहित ने बीजेपी कार्यकर्ता बिट्टू प्रजापति के साथ मिलकर राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल से मुलाकात की। मंत्री के निर्देश पर जब मामला जिलाधिकारी तक पहुँचा, तो लेखपाल ने आनन-फानन में अपने एक सहयोगी के जरिए 50 हजार रुपये वापस कर दिए। रोहित ने पैसे वापस लेते समय का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। इसके अलावा, लेखपाल के साथ हुई बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी जिलाधिकारी और मीडिया को सौंपी गई है, जिसमें लेनदेन की स्पष्ट बात सुनाई दे रही है।
DM ने दिए कड़ी जांच के निर्देश
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर दी है। आरोप है कि लेखपाल ने रोहित से पैसे वापस करने के बाद उसी प्लॉट पर गांव के ही एक अन्य व्यक्ति को कब्जा दिला दिया। प्रशासन अब कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों की सत्यता की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए गए, तो लेखपाल के खिलाफ निलंबन और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
वरिष्ठ पत्रकार आरिफ सिद्दीकी पिछले 32 वर्षों से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार के एक अभिन्न स्तंभ हैं। मुज़फ्फरनगर के खतौली क्षेत्र की ज़मीनी समस्याओं और विकास के मुद्दों पर उनकी पकड़ बेमिसाल है। तीन दशकों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारिता करियर में उन्होंने हमेशा सत्य और निष्पक्षता का मार्ग चुना है। विश्वसनीय रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय विषयों पर उनकी गहरी समझ उन्हें क्षेत्र के सबसे अनुभवी पत्रकारों की श्रेणी में खड़ा करती है। खतौली की खबरों के लिए उनसे 9897846483 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां