कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत; परिजनों को 25 लाख मुआवजा

कटक। ओडिशा के कटक स्थित राज्य के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र, श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SCB) में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर यूनिट के आईसीयू में लगी भीषण आग के कारण 10 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना में सात मरीजों ने दम घुटने और झुलसने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की मौत उपचार के दौरान हुई।
हादसे के समय आईसीयू में कुल 23 मरीज भर्ती थे, जिनकी जान बचाने के प्रयास में अस्पताल के कम से कम 11 कर्मचारी भी झुलस गए हैं। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जैसे ही वार्ड में धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं, अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। फायर ब्रिगेड और स्थानीय बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अन्य मरीजों को सुरक्षित वार्डों में स्थानांतरित किया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने सुबह ही कटक पहुंचकर अस्पताल का निरीक्षण किया और भर्ती घायलों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के लिए 25-25 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
कटक का यह अस्पताल पूरे ओडिशा के लिए लाइफलाइन माना जाता है और यहां दूर-दराज के जिलों से गंभीर मरीज इलाज के लिए आते हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा और बिजली के उपकरणों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम आग के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां