किसानों की समस्याओं पर चर्चा के लिए BKU (तोमर) राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की शिवराज चौहान से मुलाकात,24 मांगों का सौंपा ज्ञापन

नई दिल्ली। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के नेतृत्व में आज केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनके आवास पर मिला। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की समस्याओं से कृषि मंत्री को अवगत कराया और उन्हें 24 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।

बैठक के पश्चात केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान और चौधरी संजीव तोमर ने मिलकर वृक्षारोपण भी किया।
चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि कृषि मंत्री शिवराज चौहान बेहद सरल, मिलनसार और किसान हितैषी व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने मुलाकात के दौरान किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं —
गन्ने का समर्थन मूल्य ₹500 प्रति क्विंटल किया जाए। किसानों का सम्पूर्ण कर्ज माफ किया जाए। बाढ़ से प्रभावित किसानों को जान-माल और फसल के नुकसान का उचित मुआवजा मिले।एमएसपी पर कानूनी गारंटी कानून बनाया जाए।
किसानों को दुर्घटना बीमा ₹50 लाख दिया जाए। किसानों को अपनी फसल देशभर में कहीं भी बेचने की स्वतंत्रता मिले। कृषि यंत्रों पर 50% की छूट दी जाए। गाजीपुर बॉर्डर पर शहीद किसानों को ₹50 लाख मुआवजा और शहीद का दर्जा दिया जाए। नकली खाद-बीज पर रोक लगाकर उनकी फैक्ट्रियां बंद की जाएं।
बैठक के दौरान भाकियू (तोमर) के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक तोमर, मंडल प्रवक्ता चंदन त्यागी, युवा जिला उपाध्यक्ष हनी बालियान तथा ब्लॉक प्रभारी विशाल चौधरी उपस्थित रहे।