शामली। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने आज कृषि विज्ञान केंद्र जलालपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी डॉ. संदीप चौधरी ने जिलाधिकारी को कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कराया, जिसमें क्रॉप कैफेटेरिया, पोषण वाटिका, सघन अमरुद बागवानी, प्राकृतिक खेती और गन्ना स्वास्थ्य क्लिनिक शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान सहनिदेशक उद्यान डॉ. ओंकार सिंह ने केंद्र में संचालित क्रॉप कैफेटेरिया और अमरूद की सघन बागवानी की जानकारी दी। पादप सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार ने गन्ना स्वास्थ्य क्लिनिक के बारे में बताया और इसके माध्यम से किसानों को किस प्रकार जागरूक किया जा रहा है, इसकी जानकारी साझा की।
गृह वैज्ञानिक डॉ. कविता भट्ट ने केंद्र पर स्थित पोषण वाटिका और उसके महत्व के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनपद के कृषकों को अपने घरों में पोषण वाटिका स्थापित करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी जानकारियां प्राप्त करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और भविष्य में किसानों के हित में और अधिक प्रभावी एवं कल्याणकारी कार्य करने की सलाह दी।

टिप्पणियां