मेरठ में दिनदहाड़े गैंगवार: दो युवकों को सरेराह मारी गोली, सात राउंड फायरिंग से दहला जैदी फार्म
मेरठ। मेरठ में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। घटना नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी फार्म इलाके की है, जिसमें असलम और शोएब नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, असलम और शोएब गली नंबर एक के बाहर खड़े थे। इसी दौरान तीन युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे और अचानक सात राउंड फायरिंग की। हमले का मुख्य निशाना असलम था, लेकिन पास में खड़ा शोएब भी गोली लगने से घायल हो गया। असलम के सिर और कंधे में तीन गोलियां लगीं, जबकि शोएब के बाजू में एक गोली लगी है।
पुलिस ने इलाके में तनाव को देखते हुए बल तैनात कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के अनुसार यह फायरिंग मई 2024 में लोहिया नगर क्षेत्र के एक स्विमिंग पूल में अरशद की हत्या की रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। उस मामले में पुलिस ने आरोपी बिलाल को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद बिलाल के भाई और अरशद के बीच विवाद हुआ था।
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों घायल युवक और आरोपी पक्ष पहले से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। शोएब ने कॉलोनी के ही आहद और आमिर सहित कुछ युवकों पर फायरिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां