ला लीगा: बार्सिलोना ने सेविला को 5-2 से हराया, राफिन्हा ने दागे 3 गोल

मैड्रिड। ब्राजीलियाई विंगर राफिन्हा की शानदार हैट्रिक की बदौलत बार्सिलोना ने सेविला को 5-2 से हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में शीर्ष स्थान पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। बार्सिलोना के कोच हंसी फ्लिक ने आगामी चैंपियंस लीग मुकाबले को ध्यान में रखते हुए युवा स्टार लैमिन यामल और फर्मिन लोपेज को मैच में नहीं उतारा था। इसके बावजूद बार्सिलोना ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया और आक्रामक खेल दिखाया। मैच के सातवें मिनट में ही बार्सिलोना को पहली पेनल्टी मिल गई, जब सेविला के डिफेंडर ने पेनल्टी बॉक्स के अंदर जोआओ कैंसेलो की शर्ट खींच ली।
राफिन्हा ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। कुछ ही देर बाद कैंसेलो के बॉक्स में शानदार रन के दौरान सेविला के खिलाड़ी से हैंडबॉल हो गया, जिसके बाद मिली दूसरी पेनल्टी को भी राफिन्हा ने गोल में बदल दिया और स्कोर 2-0 कर दिया। पहले हाफ के 38वें मिनट में डैनी ओल्मो ने मार्क बर्नाल की सहायता से बार्सिलोना का तीसरा गोल किया। हालांकि इंजरी टाइम में सेविला के खिलाड़ी ओसो ने एक गोल करके अंतर थोड़ा कम कर दिया और हाफटाइम तक स्कोर 3-1 रहा। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही राफिन्हा ने अपना तीसरा गोल करते हुए हैट्रिक पूरी कर ली और टीम की बढ़त 4-1 कर दी। इसके बाद जोआओ कैंसेलो ने शानदार प्रयास करते हुए बॉक्स के अंदर से बार्सिलोना का पांचवां गोल दागा।
मैच के अंतिम क्षणों में सेविला के जिब्रिल सो ने हेडर के जरिए टीम का दूसरा गोल किया, लेकिन तब तक मैच में उनकी हार तय हो चुकी थी। बार्सिलोना ने 5-2 से शानदार जीत हासिल की। ला लीगा के अन्य मुकाबलों में रियल सोसिएदाद ने ओसासुना को 3-1 से हराया। मिकेल ओयारजाबाल ने पेनल्टी से गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि बेनाट टुरिएंटेस और गोंकालो गुएडेस ने भी गोल किए। ओसासुना के लिए विक्टर मुनोज ने एक गोल किया। मैलोर्का ने भी शानदार वापसी करते हुए एस्पेनयोल को 2-1 से हराकर रेलीगेशन जोन से बाहर निकलने में सफलता हासिल की। ला लीगा में शीर्ष स्थान की दौड़ और भी दिलचस्प हो गई है। बार्सिलोना फिलहाल चार अंकों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां