शराबी भाई का खौफनाक कदम: बड़े भाई को पीट-पीटकर मारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के कुडिया अमेला गांव में बड़े भाई लालू की पीट-पीटकर हत्या करने वाले छाेटे भाई गुड्डू यादव काे पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। शव काे कब्जे में लेकर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पारिवारिक विवाद में रविवार काे मारपीट में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हाे गया था और अस्पताल ले जाते समय माैत हाे गई थी।
जानकारी के अनुसार कुडिया अमेला निवासी राजेंद्र सिंह यादव के तीन पुत्र थे। सबसे बड़ा बेटा दीपु करीब 20 वर्ष पहले लापता हो गया था। दूसरा बेटा लालू (32) दिल्ली में निजी नौकरी करता था और होली के चलते एक सप्ताह पहले घर आया था। सबसे छोटा बेटा गुड्डू गांव में रहकर खेती करता है और उसे शराब पीने का आदी बताया जा रहा है।
रविवार रात शराब के नशे में गुड्डू ने मां से गाली-गलौज शुरू कर दी। बड़े भाई लालू ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और गुड्डू ने लालू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद परिजन और पड़ोसियों की मदद से लालू को एंबुलेंस से सीएचसी दिबियापुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सैफई रेफर कर दिया गया। आर्थिक तंगी के कारण परिजन उसे वापस घर ले आए।
सोमवार शाम पैसों की व्यवस्था होने पर पत्नी निशा और मां उर्मिला देवी उसे सैफई लेकर जा रही थीं, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे छह वर्षीय पुत्र ऋषव, चार वर्षीय बेटी परी और दो वर्षीय बेटी वैष्णवी को छोड़ गया है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी गुड्डू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां