यूपी: इटावा में प्रेम प्रसंग में पति की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ियापुर में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज मामला उस समय सामने आया, जब खेत में बने एक मकान में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला।
ये भी पढ़ें मिडिल-ईस्ट में महायुद्ध की आहट: अमेरिका ने 15 देशों से अपने नागरिकों को तुरंत निकलने को कहा
मृतक की पहचान 45 वर्षीय रनवीर सिंह यादव पुत्र लाखन सिंह के रूप में हुई है, जो ग्राम पड़ियापुर के निवासी थे और पेशे से ट्रक चालक थे। सोमवार सुबह जब उनके पिता लाखन सिंह खेत में बने बेटे के मकान पर पहुंचे, तो उन्होंने चबूतरे पर रनवीर का शव पड़ा देखा। शव के पास ही खून से सनी कुल्हाड़ी रखी हुई थी। यह दृश्य देख पिता के होश उड़ गए और गांव में कुछ ही देर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई प्रदीप उर्फ लालू की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी पूजा, उसके प्रेमी अर्पित और अर्पित के पिता सर्वेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि पूजा और अर्पित के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी रनवीर को हो गई थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रनवीर इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था, जिससे परेशान होकर पूजा और अर्पित ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
रविवार शाम रनवीर ट्रक चलाकर घर लौटा था। आरोपियों ने पहले उसे शराब पिलाई, ताकि वह पूरी तरह नशे में चला जाए और किसी तरह का विरोध न कर सके। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले घर के पालतू कुत्ते मोती को बाहर बबूल के पेड़ से बांध दिया गया था, ताकि किसी तरह का शोर न हो। इसके बाद नशे की हालत में रनवीर पर कुल्हाड़ी से लगातार नौ बार वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होने की फिराक में लग गए। वे बिना स्टार्ट की बाइक को मुख्य सड़क तक ले गए, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद पूजा, उसकी छोटी बच्ची और अर्पित एक ही बाइक पर बैठकर वहां से निकल गए। बच्ची को बाद में रिश्तेदार के घर छोड़ दिया गया। दोनों आरोपी रात भर अलग-अलग जगह छिपते रहे और पैसों का इंतजाम करते रहे।
मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर भरथना-बिधूना रोड स्थित अन्हैया नदी के पास से पूजा और अर्पित को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।
इस मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचंद ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह से पूर्व नियोजित थी। पत्नी और उसके प्रेमी के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे और मृतक इसका विरोध कर रहा था। इसी कारण दोनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपियों को जेल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां