लखनऊ। दीपावली पर्व के मद्देनजर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरकारी अस्पतालों में अलर्ट जारी किया गया है। सभी अस्पतालों में तीन दिन के लिए अलग से चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गयी है। इसके अलावा आन कॉल चिकित्सकों को रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा दीपावली के दौरान तीन दिनों तक 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
केजीएमयू के ट्रामा सेंटर प्रभारी डा. प्रेमराज सिंह ने रविवार को बताया कि दीपावली में पटाखों से घायलों के उपचार के लिए पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। दीपावली के मद्देनजर अलग से बेड आरक्षित किया गया है।
बलरामपुर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. देवाशीष शुक्ला ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि बलरामपुर अस्पताल शहर के बीचोबीच स्थित है। यहां पर सबसे ज्यादा मरीज आते हैं। इसलिए यहां पर इमरजेंसी में 50 बेड आरक्षित किये गये हैं। इसके अलावा पीडियाट्रिक आईसीयू वार्ड, पीआईसीयू एवं पीडियाट्रिक इमरजेंसी में बच्चों के लिए बेड आरक्षित कर दिए गये हैं।
भाऊराव देवरस संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डा. मनीष शुक्ला ने बताया कि अस्पताल में अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गयी है। विशेषज्ञ चिकित्सक भी आन कॉल उपलब्ध रहेंगे।
लखनऊ के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एन.बी.सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर बेड आरक्षित करने पर इमरजेंसी में पर्याप्त दवाएं रखने का निर्देश दिया गया है।