इटावा: जीजा ने साली की हत्या कर थाने में किया सरेंडर, बोला- मैंने उसे मार डाला, लाश घर से उठा लो
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक जीजा ने अपनी ही 18 वर्षीय साली की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद खून से सनी ईंट लेकर थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
होली पर भागकर की थी शादी
जानकारी के अनुसार, इटावा कोतवाली के करनपुरा निवासी विजय कुशवाहा (35) दिल्ली जल बोर्ड में संविदा पर मैकेनिक है। विजय का अपनी पत्नी निशा की मौसेरी बहन सुनैना (18) के साथ अफेयर चल रहा था। 4 मार्च को होली के दिन विजय सुनैना को बहला-फुसलाकर दिल्ली भगा ले गया और वहां एक मंदिर में शादी कर ली। शनिवार को दोनों दिल्ली से इटावा वापस आए थे। शनिवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में विजय ने ईंट मार-मारकर सुनैना की जान ले ली।
थाने पहुंचकर बोला- लाश घर पर पड़ी है
हत्या करने के बाद विजय सीधे कोतवाली पहुंचा और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से कहा, "मैंने हत्या कर दी है, लाश घर पर पड़ी है, उसे उठा लो।" जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का नजारा खौफनाक था। फर्श पर चारों तरफ खून बिखरा था और सुनैना का शव पड़ा था। पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
पत्नी से अनबन के बीच साली से हुआ था प्यार
बताया जा रहा है कि विजय ने 5 साल पहले निशा से भी भागकर लव मैरिज की थी। दोनों का एक 3 साल का बेटा भी है। पिछले दो महीनों से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी और निशा अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान निशा को मनाने ससुराल आने-जाने के क्रम में विजय की मुलाकात सुनैना से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। सुनैना के परिजनों ने 4 मार्च को ही सैफई थाने में विजय के खिलाफ अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया था।
परिजनों की चेतावनी अनसुनी करना पड़ा भारी
सुनैना के भाई शिवम ने बताया कि उसने कई बार परिवार को विजय को घर न आने देने की चेतावनी दी थी, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं मानी। शनिवार शाम सुनैना ने अपनी मां को फोन कर घर लौटने की बात कही थी और मिन्नत की थी कि उसे कोई मारे न। लेकिन उसे क्या पता था कि जिससे उसने शादी की है, वही उसकी जान ले लेगा। पुलिस के मुताबिक सुनैना के शरीर पर चोटों के अलावा गर्दन पर रस्सी के निशान भी मिले हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिलते ही हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां