मुजफ्फरनगर में भाजपा को बड़ा झटका, दो बार के पूर्व विधायक के बेटे समाजवादी पार्टी में हुए शामिल
अखिलेश यादव ने लखनऊ में दिलाई सदस्यता; बोले- 'जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई', एलपीजी की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरा
लखनऊ/मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के बीच राजनीतिक दलबदल का खेल तेज हो गया है। शनिवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के कुनबे में बड़ा इजाफा हुआ, जहाँ मुजफ्फरनगर के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक रणधीर सिंह के पुत्र अंकित सिंह ने भाजपा का दामन छोड़कर अखिलेश यादव के नेतृत्व में आस्था जताई।
चरथावल की राजनीति में बड़ी हलचल
मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके भाजपा के वरिष्ठ नेता रणधीर सिंह के बेटे अंकित सिंह का सपा में जाना जिले की राजनीति में बड़ा फेरबदल माना जा रहा है। अंकित सिंह के साथ संत कबीर नगर से पूर्व प्रत्याशी रोहित कुमार पांडेय, पूर्व डीआईजी रामशरद राम, डीएनएस यादव और पूर्व पुलिस अधिकारी राजीव गुप्ता ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि जमीन से जुड़े नेताओं के आने से पार्टी और मजबूत होगी।
महंगाई पर अखिलेश का तीखा वार इस अवसर पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई 60 रुपये की बढ़ोत्तरी का जिक्र करते हुए कहा, "जब तक भाजपा सत्ता में है, महंगाई कम नहीं होगी। सरकार टैक्स बढ़ाकर जनता की कमर तोड़ रही है।" उन्होंने तंज कसते हुए नारा दिया— "जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई।"
सपा की छवि खराब करने की साजिश पर बोले अखिलेश अखिलेश यादव ने हाल ही में वायरल हुए 'कट्टा' वाले गीत पर नाराजगी जताते हुए इसे भाजपा की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने एक्सप्रेसवे, लोकभवन और गोमती रिवर फ्रंट जैसे विकास कार्य किए हों, उसकी छवि खराब करने के लिए ऐसे गाने बनवाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस गाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और कार्रवाई न होने पर इसे सरकार की शह माना जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
यह 'रॉयल बुलेटिन' न्यूज़ नेटवर्क का आधिकारिक संपादकीय डेस्क (Editorial Desk) है। यहाँ से मुज़फ्फरनगर, नोएडा और देशभर के हमारे विस्तृत रिपोर्टिंग नेटवर्क से प्राप्त समाचारों को प्रमाणित और संपादित करने के बाद पाठकों तक पहुँचाया जाता है। हमारी डेस्क टीम 24x7 सक्रिय रहती है ताकि आप तक सबसे सटीक, विश्वसनीय और निष्पक्ष खबरें बिना किसी देरी के पहुँच सकें। न्यूज़ रूम से संबंधित सूचनाओं और प्रेस विज्ञप्ति के लिए आप हमें news@royalbulletin.in पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां