गाजियाबाद: इंस्टाग्राम लाइव के दौरान यूट्यूबर अनुराग डोभाल का भीषण एक्सीडेंट, एक्सप्रेसवे पर मची चीख-पुकार
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई फॉर्च्यूनर; हादसे से पहले वीडियो में छलका था मानसिक तनाव और अकेलेपन का दर्द
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बीती रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस-17 फेम अनुराग डोभाल, जिन्हें दुनिया 'The UK07 Rider' के नाम से जानती है, एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ जब अनुराग अपनी फॉर्च्यूनर कार में इंस्टाग्राम पर लाइव थे और हजारों प्रशंसक उन्हें देख रहे थे। हादसे में अनुराग को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी लग्जरी कार के परखच्चे उड़ गए।
"मम्मी अगले जन्म आऊं तो प्यार दे देना बस..."
ये भी पढ़ें योगी सरकार का किसानों को तोहफा, 3300 से अधिक किसानों को मिलेंगे भारी अनुदान पर कृषि यंत्रहादसे से ठीक पहले इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अनुराग डोभाल की मानसिक पीड़ा साफ झलक रही थी। उन्होंने बेहद भावुक होते हुए कहा, “मम्मी अगले जन्म आऊं तो प्यार दे देना बस… बहुत जरूरत थी प्यार की। लोग ही नहीं बचे, किसको फोन करूं।” इसके बाद उन्होंने "लेट्स गो फॉर द फाइनल ड्राइव" कहकर गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। लाइव वीडियो में देखा जा सकता है कि कार की स्पीड करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच गई थी। इसी दौरान मसूरी थाना क्षेत्र के पास उन्होंने अचानक स्टीयरिंग घुमाया और गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा गिरी।
सड़क पर तड़पते दिखे अनुराग, राहगीरों ने बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें अनुराग डोभाल सड़क पर लेटे हुए दर्द से कराहते और रोते हुए नजर आ रहे हैं। वहां मौजूद राहगीरों ने उन्हें क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और संभाला। पीली टी-शर्ट पहने अनुराग वीडियो में बेहद बेबस नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुँची और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
2 घंटे के वीडियो में सुनाई थी अपनी बर्बादी की दास्तां
बता दें कि यह हादसा अचानक नहीं हुआ, बल्कि अनुराग पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव (Mental Stress) से गुजर रहे थे। उन्होंने 4 मार्च को अपने यूट्यूब चैनल पर करीब दो घंटे लंबा एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे। उन्होंने बताया था कि कैसे परिवार के साथ विवाद, शादी टूटने की नौबत और आर्थिक संकट ने उन्हें तोड़कर रख दिया है। अनुराग ने इस वीडियो में कुछ कॉल रिकॉर्डिंग्स भी सुनाई थीं, जिनसे साफ था कि वह अपने घर वालों से अलग होने और कानूनी विवादों के कारण डिप्रेशन में थे।
अनुराग ने वीडियो में कहा था, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि जिंदगी ऐसे पटक के छोड़ेगी। मैं मिडिल क्लास फैमिली से आता हूँ और हमेशा अपनों के लिए मेहनत की, लेकिन आज मैं खुद को अकेला महसूस कर रहा हूँ।” फिलहाल अनुराग का उपचार जारी है और पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे की वजह कुछ और है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां