मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत
खराब सर्विस रोड बना काल, एनएचएआई की लापरवाही पर हंगामा, बिराल गांव में मातम
बुढ़ाना(मुजफ्फरनगर)। जनपद के बुढ़ाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के निर्माणाधीन मार्ग पर ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने एनएचएआई की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने भारी हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किसान की पहचान गांव बिराल निवासी रवि (35) पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है। घटना के अनुसार शनिवार दोपहर रवि अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर खेत से वापस लौट रहा था। निर्माणाधीन दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के पास पहुंचते ही सर्विस रोड की बदहाल स्थिति के कारण उसे अस्थाई कट से नीचे उतरना पड़ा। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से रवि की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का फूटा आक्रोश
घटनास्थल पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएचएआई के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि सर्विस रोड का निर्माण पूरा नहीं किया गया है और रास्ता बेहद ऊबड़-खाबड़ है, जिसके कारण आए दिन छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं। आरोप है कि निर्माणाधीन मार्ग पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे किसानों और राहगीरों की जान जोखिम में है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
ये भी पढ़ें मुज़फ्फरनगर: सम्भलहेड़ा में राशन वितरण में खेल, अंगूठा लगवाकर राशन न देने का ग्रामीणों ने किया विरोध
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द कुमार 'पीटीआई' वर्ष 2003 से निरंतर रॉयल बुलेटिन परिवार के एक मजबूत स्तंभ के रूप में सक्रिय हैं। पिछले दो दशकों से अधिक समय से आप बुढ़ाना की ज़मीनी समस्याओं, स्थानीय राजनीति और सामाजिक घटनाक्रमों को पूरी निष्पक्षता के साथ जनता और प्रशासन के सामने रख रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर गहरी पकड़ और वर्षों का अटूट अनुभव आपको बुढ़ाना की पत्रकारिता का सबसे विश्वसनीय चेहरा बनाता है। क्षेत्र की खबरों, समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9412842664 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां