महिला सशक्तिकरण के लिए एसबीआई ने शुरू किया 500 मिलियन डॉलर का सोशल लोन
नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने शनिवार को 500 मिलियन डॉलर (लगभग 4,597 करोड़ रुपए) की 'सिंडिकेटेड सोशल टर्म लोन फैसिलिटी' की शुरुआत की है। यह लोन खास तौर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है। बैंक के अनुसार, इस लोन में ग्रीनशू विकल्प भी शामिल है, और यह कदम बैंक के साथ-साथ वैश्विक ईएसजी (पर्यावरण, सामाजिक और गवर्नेंस) फाइनेंसिंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। एसबीआई ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सामाजिक प्रभाव को तेज करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना और महिलाओं के बीच मौजूद असमानता को कम करने वाली पहलों का समर्थन करना है।
ये भी पढ़ें खाड़ी देशों में एक करोड़ भारतीय फंसे, पटियाला के छह लोगों ने पैसे खत्म होने पर किया फोन: बलबीर सिंहबैंक ने बताया कि यह पहल संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) 5 – 'लैंगिक समानता हासिल करना और सभी महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाना' – को आगे बढ़ाने में योगदान देगी। एसबीआई के चेयरमैन सीएस सेटी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस ऐतिहासिक सोशल लोन की घोषणा करते हुए उन्हें गर्व हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम सतत विकास के लिए महिला सशक्तिकरण के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वास्तविक प्रगति केवल आर्थिक विकास से नहीं होती, बल्कि सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने, महिलाओं को सशक्त बनाने और सभी के लिए समावेशी समाज बनाने से होती है। यह एसबीआई का इस तरह का पहला बड़ा सोशल लोन ट्रांजैक्शन है और इसे वैश्विक स्तर पर महिलाओं से जुड़ा सबसे बड़ा लोन माना जा रहा है।
इससे सतत वित्त (सस्टेनेबल फाइनेंस) के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका भी दिखाई देती है। बैंक के अनुसार, इस लोन के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में लैंगिक समानता और समावेशी आर्थिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों और परियोजनाओं को समर्थन दिया जाएगा। इस ट्रांजैक्शन में एमयूएफजी ने ओरिजिनल मैंडेटेड लीड अरेंजर, अंडरराइटर और बुक रनर के साथ-साथ एकमात्र सोशल लोन कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभाई है। शुक्रवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर एसबीआई का शेयर 1,139.80 रुपए पर बंद हुआ, जो 2.5 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है। एसबीआई देश के सबसे बड़े होम लोन देने वाले बैंकों में से एक है और अब तक लगभग 30 लाख भारतीय परिवारों के घर खरीदने के सपने पूरे करने में मदद कर चुका है। इतना ही नहीं, बैंक का होम लोन पोर्टफोलियो 9 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है। 31 दिसंबर 2025 तक एसबीआई के पास 57 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का डिपॉजिट बेस था, जबकि सीएएसए अनुपात 39.13 प्रतिशत और कुल अग्रिम (लोन) 46.8 लाख करोड़ रुपए से अधिक था।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां