मुजफ्फरनगर के पमनावली में टूटा 11 हजार वोल्ट का तार, घर में लगी आग से लाखों का सामान राख
घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी मुसीबत, बिजली विभाग की लापरवाही उजागर
खतौली (मुजफ्फरनगर)। खतौली थाना क्षेत्र के गांव पमनावली में शनिवार की सुबह एक भीषण हादसे ने ग्रामीणों के रोंगटे खड़े कर दिए। गांव के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर एक रिहायशी मकान पर गिर गया। इस घटना से घर में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग लग गई, जिससे लाखों रुपये के विद्युत उपकरण और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि तार गिरने के बाद हुए ब्लास्ट से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। इस घटना में घर के आंगन में बंधी एक बछिया भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। गनीमत रही कि उस समय परिवार के सदस्य आग के दायरे से दूर थे, अन्यथा कोई बड़ा जनहानि हो सकती थी। पीड़ितों के अनुसार, आग ने कंप्यूटर, इनवर्टर और अन्य कीमती उपकरणों को पल भर में राख कर दिया।
विभाग पर अनदेखी का आरोप
पीड़ित परिवारों नरेश, विजेंद्र, सुख सिंह, विनोद, पिंटू, मनोज, विकास, धीर सिंह व डॉ. समय सिंह आदि ने एसडीएम निकिता शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल प्रभाव से रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई वर्षों से विद्युत विभाग से इस जानलेवा लाइन को हटवाने के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
अधिशासी अभियंता ने दिया आश्वासन
इस मामले पर अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार ने कहा कि यह विद्युत लाइन वर्षों पुरानी है। उन्होंने दावा किया कि कुछ ग्रामीणों ने लाइन के नीचे मकान बना लिए हैं। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्या का जल्द से जल्द निदान कराया जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
वरिष्ठ पत्रकार आरिफ सिद्दीकी पिछले 32 वर्षों से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार के एक अभिन्न स्तंभ हैं। मुज़फ्फरनगर के खतौली क्षेत्र की ज़मीनी समस्याओं और विकास के मुद्दों पर उनकी पकड़ बेमिसाल है। तीन दशकों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारिता करियर में उन्होंने हमेशा सत्य और निष्पक्षता का मार्ग चुना है। विश्वसनीय रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय विषयों पर उनकी गहरी समझ उन्हें क्षेत्र के सबसे अनुभवी पत्रकारों की श्रेणी में खड़ा करती है। खतौली की खबरों के लिए उनसे 9897846483 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां