मेरठ में भैसाली डिपो रोडवेज कर्मचारी अनिश्चितकालीन अनशन पर, क्षेत्रीय प्रबंधक पर भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के आरोप
                 
              
                मेरठ। मेरठ भैसाली डिपो पर रोडवेज कर्मचारी आज अनशन पर बैठ गए हैं। कर्मचारियों ने आरएम संदीप नायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बता दें पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी धरना दे रहे थे। धरनारत कर्मचारियों का आरोप है कि क्षेत्रीय प्रबंधक उनकी मांगों को पूरा नहीं कर रहे हैं।
इस कारण से उन्होंने अब अनिश्वितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। क्षेत्रीय प्रबंधक के खिलाफ चल रहा कर्मचारियों का धरना अब अनशन में बदल गया है। कर्मचारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप नायक पर अभद्रता का आरोप लगाया है। कई कर्मचारियों को गलत तरीके से निलंबन करने के आरोप हैं। इसको लेकर अब कर्मचारियों ने आरपार की लड़ाई की घोषणा कर दी है।
उप्र रोडवेज कर्मचारी संघ के तत्वावधान में पिछले शनिवार से क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के बाहर कर्मचारियों का धरना जारी है। कर्मचारी संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष भारत भूषण, उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप नायक डीजल कटौती और कम यात्रियों के नाम पर चालकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर रहे हैं। बहाली के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत को लेकर संघ पदाधिकारी पूर्व में क्षेत्रीय प्रबंधक से मिले थे। पदाधिकारियों ने भ्रष्टाचार बंद करने और कर्मचारियों का शोषण न करने की मांग की थी। उन्होंने अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव करने की बजाय, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू कर दी। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जब तक विभाग में भ्रष्टाचार और कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद नहीं होगा तब तक अनशन जारी रहेगा। 
