मेरठ हत्याकांड: असलम की हत्या के तीन शूटर दिल्ली में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

मेरठ। मेरठ के जैदी फार्म में विगत छह फरवरी को कारोबारी असलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड को तीन शूटरों ने अंजाम दिया था। हरकत में आई पुलिस ने तीनों शूटरों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए और उनकी धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू की गई। हत्यारों की लोकेशन उत्तराखंड की राजधानी देहरादून आई तो पुलिस टीम ने वहां पर डेरा डाल दिया। लेकिन मौके पर पहुंचने से पहले ही तीनों शूटर दिल्ली के लिए निकल गए। तीनों शूटरों की दिल्ली क्राइम ब्रांच से मुठभेड़ हो गई। जिसमें तीनों शूटरों के पैर में गोली लगी है।
जिन तीन शूटरों के पैर में गोली लगी है उनके नाम असद, आमिर और आहिल हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने तीनों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। घायल तीनों शूटरों के पास से तीन पिस्टल,जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। तीनों को अब बी-वारंट के तहत मेरठ लाया जाएगा।
दिल्ली पुलिस के उपायुक्त संजीव कुमार यादव के अनुसार क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम को सूचना मिली कि मेरठ में हुई असलम की हत्या में वांछित गैंगस्टर असद अपने साथियों के साथ दिल्ली में आया है। पुलिस की टीम ने मेट्रो पिलर नंबर पी-187, वजीराबाद के पास घेराबंदी कर उस्मानपुर (यमुना खादर रोड) के पास मुठभेड़ के दौरान तीनों को गिरफ्तार किया है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां