मेरठ के लोगों को जल्द मिलेगी मेट्रो की सौगात, दिल्ली गाजियाबाद जाना होगा आसान
मेरठ। मेरठ शहर के लोगों को जल्द ही मेट्रो की सौगात मिलने वाली है। दिल्ली रोड पर माधवपुरम कॉलोनी के सामने बना ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन पूरी तरह तैयार हो चुका है और बहुत जल्द यहां से मेरठ मेट्रो का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। स्टेशन पर फिनिशिंग से लेकर तकनीकी कार्य तक पूरे कर लिए गए हैं।
वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ के बीच 55 किलोमीटर लंबे सेक्शन में 11 स्टेशनों पर नमो भारत ट्रेन का परिचालन हो रहा है। मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों के ट्रायल रन जारी हैं। ब्रह्मपुरी स्टेशन के आगे नमो भारत का अंडरग्राउंड सेक्शन शुरू हो जाता है, जिससे यह स्टेशन तकनीकी और संचालन के लिहाज से भी खास महत्व रखता है।घनी आबादी और प्रमुख बाजारों के नजदीक होने के कारण ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन पर रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों के आने-जाने की संभावना है। स्टेशन के आसपास माधवपुरम, ब्रह्मपुरी, इन्द्रा नगर, मेजर ध्यानचंद नगर, शिव शक्ति नगर और गुप्ता कॉलोनी स्थित हैं। इसके अलावा दाल मंडी, नवीन मंडी और ट्रांसपोर्ट नगर भी पास ही हैं, जिससे व्यापारियों और आम लोगों दोनों को फायदा मिलेगा। मेट्रो के जरिए लोग मेरठ के अंदरूनी हिस्सों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
