मुजफ्फरनगर में दवा व्यापारी की हत्या की सुपारी लेने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, ‘बदमाशों का देवता’ ने ली थी 'सुपारी'
एक बदमाश घायल, 20 लाख रुपये की सुपारी देकर जेल से रची गई थी पूरी साजिश, अनिल दुजाना गैंग के नाम पर मांगी थी 10 लाख की रंगदारी
मुजफ्फरनगर। जनपद में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दवा व्यापारी की हत्या की सुपारी लेने वाले दो खतरनाक बदमाशों को एक रोमांचक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह बदमाश कुख्यात अनिल दुजाना गैंग के नाम का इस्तेमाल कर व्यापारी से दस लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड जेल में बंद एक ठग निकला, जिसने अपने ठगी के मामले की पैरवी कर रहे व्यापारी को ठिकाने लगाने के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी का घटनाक्रम
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि बीती 4 मार्च को पटेलनगर निवासी दवा के थोक व्यापारी राजीव जैन पुत्र धर्म चंद जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें अज्ञात बदमाशों द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। कॉलर खुद को अनिल दुजाना गैंग का सदस्य बता रहे थे।
ये भी पढ़ें नोएडा में होली के दौरान दो सोसाइटियों में बवाल, मारपीट के वीडियो वायरल, 10 आरोपी गिरफ्तार
शुक्रवार को पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि ये बदमाश बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश 'प्रताप चौधरी' उर्फ 'बदमाशों का देवता' (निवासी हुसैनपुर, थाना रामराज) पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी 'रवि उर्फ शूटर' (निवासी बाखरपुर, थाना बालैनी, जनपद बागपत) को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
जेल से चल रही थी सुपारी किलिंग की साजिश
पूछताछ में पुलिस को चौंकाने वाले तथ्य मिले। घायल बदमाश प्रताप ने खुलासा किया कि जिला कारागार में बंद अतुल कुमार राघव (निवासी चमन विहार कॉलोनी, हाथरस) से उसकी मुलाकात हुई थी। अतुल ने दवा व्यापारी राजीव जैन की हत्या के लिए उसे 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी। दरअसल, अतुल कुमार राघव और उसकी पत्नी शालिनी ने रचित जैन और राजीव जैन के साथ मिलकर फॉरेक्स ट्रेडिंग, शेयर बाजार, रियल स्टेट और कोयला माइनिंग में मोटा मुनाफा देने का लालच देकर करीब 3.65 करोड़ रुपये की ठगी की थी। पीड़ित राजीव जैन इस मुकदमे में पैरवी कर रहे थे, जिसके चलते अतुल ने जेल में रहते हुए उन्हें मरवाने की साजिश रची।
बरामदगी और पुलिस टीम
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस (.315 बोर) तथा घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस साहसिक ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार गिरी, सतेन्द्र सिंह ढिल्लो, पंकज सागर, कांस्टेबल अंकित कुमार, मोहित कुमार, सुधीर कुमार, ब्रहमदेव और अंकुर शामिल रहे। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस पकड़े गए आरोपियों के अन्य संपर्कों की जांच कर रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां