मुजफ्फरनगर: स्पिक मैके कार्यक्रम में गूंजा उस्ताद जौहर अली के वायलिन का जादू
'सारे जहां से अच्छा' की धुन पर मंत्रमुग्ध हुए छात्र; संगीत को बताया दिव्य अनुभूति का माध्यम, चिल्ड्रंस एकेडमी में कलाकारों ने बांधा समां
मुजफ्फरनगर। शास्त्रीय संगीत और संस्कृति को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के संकल्प के साथ शुक्रवार को चिल्ड्रंस एकेडमी में 'स्पिक मैके' के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विश्वविख्यात वायलिन वादक उस्ताद जौहर अली खान ने अपनी उंगलियों के जादू से सभागार में मौजूद हर श्रोता को भाव-विभोर कर दिया। एकेडमी में स्पिक मैके का यह पहला और बेहद सफल आयोजन रहा।
संगीत केवल मनोरंजन नहीं, दिव्य अनुभूति है: उस्ताद जौहर अली
कार्यक्रम के दौरान उस्ताद जौहर अली खान ने संगीत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत ही एकमात्र ऐसा देश है जहाँ संगीत को अत्यंत पवित्र माना गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि मां सरस्वती की वीणा, भगवान कृष्ण की बांसुरी और महादेव का डमरू इस बात का प्रमाण है कि हमारे यहाँ संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि ईश्वर से जुड़ने का माध्यम है।
राग अहीर भैरव से लेकर 'एकला चलो' तक का सफर
उस्ताद जौहर अली ने कार्यक्रम का आगाज प्रातःकालीन राग 'अहीर भैरव' से किया। आलाप के माध्यम से उन्होंने राग की गहराई को श्रोताओं के सामने रखा। इसके बाद उन्होंने वैरागी भैरव की सुंदर प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए उन्होंने गुजरात, राजस्थान और बंगाल की प्रसिद्ध धुनें भी बजाईं। विशेष रूप से गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की धुन 'एकला चलो' और महात्मा गांधी के प्रिय भजन 'रघुपति राघव राजा राम' पर बच्चों ने खूब तालियां बटोरीं।
देशभक्ति के तराने पर झुमा पूरा स्कूल
कार्यक्रम का चरमोत्कर्ष तब आया जब वायलिन पर देशभक्ति गीत 'सारे जहां से अच्छा' की धुन गूँजी। इस धुन पर बच्चों ने सामूहिक रूप से सुर में सुर मिलाया। तबले पर आशीष चौहान ने अपनी सधी हुई संगत से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। स्पिक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा मोहन तिवारी ने बताया कि संस्था पिछले 49 वर्षों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रही है।
सम्मान और आभार
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य अमर पांचाल और भावना संगल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अंत में प्रधानाचार्य ने कलाकारों को सम्मानित करते हुए आभार प्रकट किया। कार्यक्रम की सफलता में आर्यन त्यागी, विशु, राहुल सेन, मृदुला और नीति का विशेष योगदान रहा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मीडिया और विज्ञापन जगत का 23 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले रामनिवास कटारिया 'रॉयल बुलेटिन' की व्यावसायिक और संपादकीय टीम के एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। 'अमर उजाला' जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में विज्ञापन प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं देने के बाद, श्री कटारिया पिछले 10 वर्षों से निरंतर रॉयल बुलेटिन परिवार के साथ जुड़े हुए हैं। वर्तमान में विज्ञापन प्रभारी की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ वे शैक्षणिक संस्थानों (स्कूलों) और औद्योगिक इकाइयों (उद्योगों) की विशेष रिपोर्टिंग भी करते हैं। विज्ञापन संबंधी परामर्श और औद्योगिक/शैक्षणिक खबरों के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 7017986469 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां