अमरोहा: बच्चा चोरी की अफवाह के बाद महिला से मारपीट, वायरल वीडियो का पुलिस ने लिया संज्ञान
भीड़ ने नहीं सुनी महिला की गुहार, पुलिस ने वीडियो के आधार पर शुरू की आरोपियों की तलाश
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। यहाँ बच्चा चोरी की अफवाह के आधार पर एक महिला को खंभे से बांधकर सरेआम पीटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना का विवरण
पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) सदर अभिषेक यादव ने बताया कि घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छंगा दरवाजा की है। मंगलवार देर रात कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर एक महिला को पकड़ा और उसे खंभे से रस्सी से बांध दिया। इसके बाद भीड़ ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
इस दौरान महिला लगातार खुद को निर्दोष बताते हुए छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन भीड़ पर उसकी अपील का कोई असर नहीं पड़ा। हैरानी की बात यह है कि वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और महिला को बचाने का किसी ने साहस नहीं किया, बल्कि कुछ लोग इस घटना का वीडियो बनाते रहे।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया। पूछताछ में महिला ने खुद को नौगावां सादात थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी बताया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए घटना के वायरल वीडियो के आधार पर भीड़ में शामिल उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां