होली के बाद रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़,ट्रेनो में जगह नहीं
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होली का त्योहार बीतने के बाद अब काम पर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने लगी है। शुक्रवार से रविवार तक के तीन दिन रेलवे और यात्रियों के लिए अग्निपरीक्षा साबित होने वाले हैं। रेलवे सूत्रों के अनुसार दिल्ली, मुंबई और पुणे जैसे महानगरों की ओर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में कन्फर्म सीटें उपलब्ध नहीं हैं। करीब दो दर्जन प्रमुख ट्रेनों में ‘रिग्रेट’ की स्थिति बन गई है, यानी उनमें वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं हैं। प्रयागराज से दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस में 10 मार्च तक थर्ड एसी में रिग्रेट है, जबकि फर्स्ट एसी में 9 मार्च तक टिकट उपलब्ध नहीं है। यही स्थिति शिवगंगा एक्सप्रेस और आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस की भी है।
नई शुरू हुई अमृत भारत एक्सप्रेस में भी 15 मार्च तक कोई सीट उपलब्ध नहीं है। प्रयागराज की लाइफलाइन मानी जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 157 वेटिंग है, जबकि फर्स्ट और थर्ड एसी में रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है। इसी तरह बनारस–नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस में स्लीपर की वेटिंग 150 के पार पहुंच गई है। वहीं शाम में चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में रविवार तक वेटिंग सूची 300 के करीब पहुंचने का अनुमान है। सूबेदारगंज से चलने वाली जम्मू मेल और नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के सभी कोचों में 8 मार्च तक रिग्रेट लग चुका है।
संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सभी बड़े स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवाजाही के लिए अतिरिक्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार विशेष ट्रेनों की समय-सारिणी जारी की जा रही है। मुंबई रूट पर जय नगर से चलने वाली एलटीटी ट्रेन में 12 मार्च तक स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी में नो रूम है, जबकि गोरखपुर–एलटीटी, पाटलीपुत्र–एलटीटी एक्सप्रेस और पटना–एलटीटी एक्सप्रेस में भी रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है।
दिल्ली रूट की कुछ ट्रेनों में 9 मार्च तक वेटिंग 5 से 6 तक है, जबकि 10 मार्च से कंफर्म सीटें उपलब्ध होने की संभावना है। वहीं तेजस राजधानी में वेटिंग 24 है और 15 मार्च से इसमें सीट उपलब्ध बताई जा रही है। राजधानी एक्सप्रेस में 8 मार्च तक रिग्रेट है, जबकि उसके बाद की तारीखों में टिकट आरएसी में उपलब्ध हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां