संभल एसपी केके बिश्नोई और बरेली एसपी अंशिका वर्मा जल्द करेंगे शादी, राजस्थान में होंगे सभी कार्यक्रम
संभल। उत्तर प्रदेश पुलिस के दो आईपीएस अधिकारी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। संभल के पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई और बरेली की पुलिस अधीक्षक अंशिका वर्मा की शादी 29 मार्च को राजस्थान में होने जा रही है। शादी से जुड़े सभी कार्यक्रम राजस्थान में ही आयोजित किए जाएंगे, जिन्हें लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार 27 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमना गांव में हल्दी और संगीत समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 29 मार्च को दोनों की शादी संपन्न होगी, जबकि 30 मार्च को जोधपुर के लारिया रिसोर्ट में भव्य रिसेप्शन कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें परिवार के सदस्य, करीबी मित्र और प्रशासनिक व पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि दोनों आईपीएस अधिकारियों की पहली मुलाकात वर्ष 2023 में गोरखपुर में पोस्टिंग के दौरान हुई थी। उस समय केके बिश्नोई गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा वहां अंडर ट्रेनिंग आईपीएस अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण ले रही थीं। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। अब दोनों अपने रिश्ते को नया नाम देने जा रहे हैं।
केके बिश्नोई उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमना गांव के निवासी हैं और वर्तमान में संभल जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। वहीं अंशिका वर्मा वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और इस समय बरेली में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। अंशिका उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के सिविल लाइंस क्षेत्र की रहने वाली हैं।
हाल ही में दोनों अधिकारी पुलिसकर्मियों के साथ होली के रंग में भी सराबोर नजर आए थे। बरेली में आयोजित होली कार्यक्रम के दौरान आईपीएस अंशिका वर्मा ने काला चश्मा पहनकर ‘लंदन ठुमकदा’ गीत पर डांस किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रहा। वहीं अगले दिन संभल में एसपी केके बिश्नोई ने भी पुलिस लाइन में अलग अंदाज में एंट्री करते हुए ‘फसला’ गाने पर डांस किया था। उन्होंने शिकारी शैली की टोपी पहनकर खुली जिप्सी से पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचकर सभी का उत्साह बढ़ाया था।
अंशिका वर्मा की शिक्षा की बात करें तो उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई नोएडा से की। इसके बाद वर्ष 2014 से 2018 के बीच नोएडा स्थित एक इंजीनियरिंग संस्थान से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और दूसरे प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 136वीं रैंक हासिल कर आईपीएस अधिकारी बनीं।
अब दोनों आईपीएस अधिकारियों की शादी को लेकर पुलिस विभाग और उनके शुभचिंतकों में भी उत्साह का माहौल है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां