सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में सम्पूर्ण समाधान दिवस संपन्न, जिलाधिकारी ने किसानों को दिये निःशुल्क बीज और सोलर ट्रैप
जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम मनीष बंसल
सहारनपुर। शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु शनिवार को तहसील रामपुर मनिहारान में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में 'सम्पूर्ण समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में मानवीय दृष्टिकोण और समयबद्धता अनिवार्य है।
इस समाधान दिवस के दौरान कुल 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सबसे अधिक 19 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि भूमि संबंधी प्रकरणों में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की जाए ताकि मौके पर जाकर निष्पक्ष और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को केवल फाइलों का पेट नहीं भरना है, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही निस्तारण का असली पैमाना है।
किसानों को मिली सौगात: अंतःफसली खेती पर जोर
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के अंतर्गत किसानों को प्रोत्साहित किया गया। जिलाधिकारी ने 20 किसानों को गन्ने के साथ अंतःफसली बुवाई हेतु उर्द और मूंग के 20-20 किलो बीज निःशुल्क प्रदान किए। साथ ही सोलर ट्रैप और फेरोमैन ट्रैप भी उपलब्ध कराए गए। डीएम ने किसानों को सलाह देते हुए कहा कि दालों की खेती से न केवल अतिरिक्त आय होती है, बल्कि मृदा में नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ने से यूरिया का खर्च भी कम होता है।
विभागीय शिकायतों का निस्तारण
समाधान दिवस में निस्तारण के लिए 29 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें राजस्व विभाग की 19, पुलिस विभाग की 02, डूडा विभाग की 02 के अलावा विकास, शिक्षा, आपूर्ति, श्रम, विद्युत, पंचायत आदि अन्य विभाग की 06 शिकायतें शामिल थी।
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनका विधिक निस्तारण समय सीमा के भीतर करें। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, डीएफओ शुभम सिंह, उपजिलाधिकारी डॉ. पूर्वा, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण और उप निदेशक कृषि संदीप पाल सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
गौरव सिंघल सहारनपुर के एक अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जो पिछले 18 वर्षों (2007 से) से मीडिया जगत में सक्रिय हैं। पत्रकारिता की बारीकियां उन्होंने विरासत में अपने पिता के मार्गदर्शन में 'अमर उजाला' और 'हिन्दुस्तान' जैसे संस्थानों से सीखीं।
अपने लंबे करियर में उन्होंने इंडिया टुडे (फोटो जर्नलिस्ट), शुक्रवार, इतवार, दैनिक संवाद और यूपी बुलेटिन जैसे दर्जनों प्रतिष्ठित समाचार पत्रों व पत्रिकाओं में अपनी सेवाएं दीं। लेखनी के साथ-साथ कुशल फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है।
विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में अनुभव प्राप्त करने के बाद, वर्तमान में गौरव सिंघल सहारनपुर से 'रॉयल बुलेटिन' के साथ जुड़कर अपनी निष्पक्ष और गहरी रिपोर्टिंग से संस्थान को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

टिप्पणियां