गाजियाबाद। महिला थाने की साहिबाबाद रिपोर्टिंग चौकी में तैनात महिला दरोगा भुवनेश्वरी सिंह को एंटी करप्शन यूनिट मेरठ ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह दहेज मामले में आरोपी का नाम नहीं बढ़ाने के एवज में 45,000 रुपए रिश्वत मांग रही थी।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने इस मामले में एंटी करप्शन यूनिट में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद एंटी करप्शन ने जाल बिछाया और महिला दरोगा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वर्तमान में भुवनेश्वरी सिंह महिला थाने में ही तैनात हैं और साहिबाबाद चौकी पर पोस्टेड थीं। गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि यह वही महिला दरोगा थी जो सितंबर 2025 में गाजियाबाद में हुए महिला पुलिस एनकाउंटर में शामिल थी। उस समय यह एनकाउंटर देसी और विदेशी मीडिया में सुर्खियों में रहा था क्योंकि इसमें पूरी पुलिस टीम महिलाएं थीं। पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने उस टीम की बहादुरी की तारीफ की थी।
हालांकि छह महीने के भीतर ही महिला दरोगा भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार होकर जेल जाने की स्थिति में आ गई है। इस मामले ने पुलिस व्यवस्था और महिला अधिकारियों के भीतर अनुशासन के सवाल भी खड़े कर दिए हैं।