नोएडा। नोएडा के गांव चौड़ा रघुनाथपुर निवासी एक युवक द्वारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी पर विवादित पोस्टर जारी करने पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता श्याम सिंह भाटी एडवोकेट ने ट्वीट कर उत्तर प्रदेश पुलिस से दोषी युवक पर कार्रवाई करने की मांग की है।
एक प्रेस विज्ञप्ति में श्याम सिंह भाटी एडवोकेट ने कहा है कि नोएडा के चौड़ा रघुनाथपुर गांव निवासी मोहित नामक युवक ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर विवादित पोस्टर पोस्ट किया है। जिससे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भावना आहत हुई है और पार्टी के कार्यकर्ताओं में रोष पनप रहा है। इस तरह की विवादित टिप्पणी करने वाले युवक पर उचित कानूनी कार्रवाई अति आवश्यक है।