मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को करेंगे नमन

मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज गुरुवार को मुजफ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों की स्मृति में आयोजित किया जाता है। मुख्यमंत्री यहां पहुंचकर उन आंदोलनकारियों को नमन करेंगे, जिन्होंने राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
दो अक्टूबर 1994 की रात को दिल्ली कूच कर रहे शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों पर रामपुर तिराहा (मुजफ्फरनगर) में पुलिस ने लाठीचार्ज और गोलीबारी कर दी थी। इस हृदयविदारक घटना में उत्तराखंड के कई आंदोलनकारी शहीद हो गए, जबकि अनेक महिलाएं अमानवीय व्यवहार और उत्पीड़न का शिकार बनीं। यह कांड पूरे देश को झकझोर देने वाला साबित हुआ और उत्तराखंड राज्य गठन आंदोलन को नई दिशा और गति मिली। इसी बलिदान के परिणामस्वरूप उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा प्राप्त हुआ।
सीएम धामी का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर सुबह 10:20 बजे मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में उतरेगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से शहीद स्मारक, रामपुर तिराहा पहुंचेंगे और श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होंगे।
श्रद्धांजलि अर्पण के पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 12:40 बजे पुलिस लाइन से देहरादून के लिए रवाना होंगे।