नोएडा में तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से महिला समेत 3 की मौत, 4 घायल
नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। उन्हें उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-98 स्थित सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले अंकित चैहान पुत्र रणवीर चैहान उम्र 27 वर्ष एक्सप्रेसवे पर पैदल सड़क पार कर रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पिता का इकलौती संतान था। थाना प्रभरी निरीक्षक ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विजेंदर पुत्र शरीफ दयाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी चाची रामकुमार पत्नी हरिकिशन अट्टा पीर के पास से गुजर रही थी, तभी एक ई-रिक्शा चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी चाची को टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। महिला को उपचार के लिए नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है।
थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक बताया कि विनोद कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पिता मुन्ना सिंह पुत्र शीशराम 7 जनवरी की रात को सेक्टर-93 के पास नोएडा एक्सप्रेसवे की तरफ जा रहे थे। तभी अज्ञात वाहन चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से पुलिस उक्त घटना को कार्य करने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
वहीं विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। थाना फेस-वन क्षेत्र के हरौला गांव के पास राहुल पुत्र योगेंद्र, थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सदरपुर कॉलोनी के पास हुए एक सड़क हादसे में गौरव पुत्र लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना फेस-तीन में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ राहगीरों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने स्कूटी चोरी कर ली है।
थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि सचिन कुमार पुत्र मुकेश कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पिता मुकेश कुमार के पार्टनर राजेंद्र शर्मा ने फोन करके उन्हें ग्राम कुरेब जेवर में बुलाया। वह अपने वाहन में सवार होकर वहां पर गए। इसी बीच एक ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पिता के वाहन में टक्कर मार दिया। वह इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।
