नोएडा। विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित वेटलैंड में प्रकृति और पक्षियों का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री केपी मलिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ने सूरजपुर वेटलैंड का भ्रमण किया। इस दौरान प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल ने बर्ड वॉचिंग टूर, गाइडेड नेचर वॉक एवं नेचर ट्रेल्स, प्रवासी एवं स्वदेशी पक्षियों, वनस्पतियों, कीटों एवं अन्य जीव-जंतुओं के जीवन और पारिस्थितिक महत्व की जानकारी मंत्री को दी। वेटलैंड के स्थलीय भ्रमण के बाद राज्य मंत्री ने बर्ड फेस्टिवल-2026 के आयोजन के अवसर पर लगाई गई फोटो गैलरी का रिबन काटकर शुभारंभ किया तथा पर्यावरण, जैव विविधता एवं पक्षी संरक्षण से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। ।
इस दौरान राज्य मंत्री ने कहा कि प्रतिवर्ष 2 फरवरी को विश्व वेटलैंड दिवस मनाने का उद्देश्य आमजन को आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे क्षेत्र में ऐसी समृद्ध प्राकृतिक धरोहर मौजूद है, जहां हजारों किलोमीटर दूर से आने वाले प्रवासी पक्षी अनुकूल वातावरण का लाभ उठाने आते हैं। उन्होंने कहा कि भौतिक और तकनीकी विकास की दौड़ में प्रकृति को काफी क्षति पहुंची है और अनेक पक्षी प्रजातियां विलुप्त होने की कगार पर हैं। उन्होंने सभी से प्रकृति और पक्षियों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि सूरजपुर वेटलैंड न केवल जनपद बल्कि पूरे प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। यह जैव विविधता का जीवंत उदाहरण है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को प्रकृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं और जनसहभागिता से ही सतत विकास का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, सदस्य सीईसी, उच्चतम न्यायालय चन्द्र प्रकाश गोयल, मुख्य वन संरक्षक पश्चिमी जोन उत्तर प्रदेश मेरठ डॉक्टर के इलंगो, वन संरक्षक मेरठ आदर्श कुमार, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, प्रभागीय निदेशक गाजियाबाद ईशा तिवारी, रिटायर्ड प्रभागीय वनाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रभागीय निदेशक बुलन्दशहर हरेन्द्र सिंह, आर्किटेक्ट संजीव शर्मा सहित अन्य मौजूद रहें।
टिप्पणियां