ग्रेटर नोएडा में शादी की खुशियां मातम में बदली: 'बाराती' बनकर आए चोरों ने स्टेज से उड़ाया जेवरात और नकदी से भरा बैग
ईकोटेक-3 के गोल्डन ड्रीम फार्म हाउस की घटना; जयमाला के दौरान दुल्हन पक्ष के लाखों के गहनों पर हाथ साफ, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-तीन क्षेत्र के खेड़ा चौगानपुर गांव स्थित गोल्डन ड्रीम फार्म हाउस में आयोजित एक विवाह समारोह में उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात चोरों ने वधू पक्ष के लाखों रुपये के जेवरात और नकदी से भरा बैग पार कर दिया। वारदात उस समय हुई जब पूरा परिवार जयमाला के उत्सव में डूबा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात को डॉ. कुसुम गौतम की बेटी की शादी का भव्य कार्यक्रम चल रहा था। बारात आने के बाद जब स्टेज पर जयमाला और फोटो सेशन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी कुछ अज्ञात युवक और महिलाएं बाराती बनकर समारोह में दाखिल हुए। चर्चा है कि इस गिरोह में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल थे, जो बिल्कुल मेहमानों की तरह सज-धजकर आए थे।
ये भी पढ़ें दिल्ली: खाड़ी देशों की ओर जाने वाली 100 से अधिक उड़ानें रद्द, यात्री बोले-नहीं होनी चाहिए जंगनिशाने पर था जेवरात का बैग
चोरों ने बड़ी चालाकी से स्टेज पर नजर बनाई हुई थी। जैसे ही परिवार के सदस्य जयमाला और फोटो खिंचवाने में व्यस्त हुए, चोरों ने मौका पाकर स्टेज पर रखा हुआ जेवरात का बैग उठा लिया और रफूचक्कर हो गए। बताया जा रहा है कि बैग में लाखों रुपये की कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान मौजूद था। जब जयमाला के बाद परिजनों की नजर बैग पर पड़ी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस कर रही है सीसीटीवी की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक्विट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी संगठित गिरोह ने रेकी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां