नोएडा एमिटी विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया केरल का प्रमुख त्यौहार ओणम

नोएडा। नोएडा में छात्रों के मध्य सर्वधर्म संस्कृति के प्रति समभाव को बढ़ाने व अन्य संस्कृतियों के प्रति जानकारी प्रदान करने के लिए एमिटी विश्वविद्यालय में हर त्यौहार पूरे उल्लास के साथ मनाया जाता है। इसी क्रम में आज केरल के प्रमुख त्यौहार ओणम उत्सव एमिटी विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा तिरुवथिरा, कलारी, महाबली वरवेलपु, दप्पनकुथु, शिनकारीमेलम जैसे पांरपरिक नृत्य व गीत प्रस्तुत किये गये और ओणम के संर्दभ में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एमिटी ग्रुप वाइस चांसलर डा गुरिंदर सिंह और एमिटी लॉ स्कूल के चेयरमैन डा. डीके बद्योपाध्याय ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में डा गुरिंदर सिंह ने कहा कि ओणम को विशेषकर खेतों में फसल की अच्छी उपज के लिए मनाया जाता है और इसके साथ केरल में महाबलि राजा के आदर सत्कार की कथा भी प्रचलित है। डा सिंह ने कहा कि त्यौहार अक्सर सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं में निहित होते हैं, जो समुदायों को अपने अनूठे रीति-रिवाजों, मान्यताओं और मूल्यों को प्रदर्शित करने का एक मंच प्रदान करते हैं। सामुदायिक जुड़ाव त्यौहारों को मनाने का एक उद्देश्य है।
यह समुदायों को एक साथ लाने का एक तरीका है। इसका ऐतिहासिक महत्व है और इसकी गहरी ऐतिहासिक जड़ें हैं, जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही परंपराओं का स्मरण कराती है। वहीं डा डीके बद्योपाध्याय ने कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक उत्सव हमें अपनी संस्कृति से जोड़ते है जो जीवन में सफल होने के लिए आवश्यक है। एमिटी में हम छात्रों को देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक त्यौहारों की जानकारी प्रदान करते है। इस अवसर पर हॉस्टल की महानिदेशक डा छाया चोर्डिया सहित एमिटी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी व शिक्षकगण उपस्थित थे।