नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर की जनता को विधिक अधिकार व सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों व योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से आगामी 22 फरवरी 2026 को सेक्टर-33ए स्थित नोएडा शिल्प हाट में मेगा विधिक साक्षरता व सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उक्त शिविर की तैयारियों को लेकर गुरूवार को जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जनपद न्यायालय के सभागार में जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई ।
बैठक में जनपद न्यायाधीश ने कहा कि आगामी 22 फरवरी को आयोजित होने वाले विधिक साक्षरता व सेवा शिविर में जनपद के 44 विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी । उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने विभागों की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग शिविर में अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व नोडल अधिकारी मेगा विधिक साक्षरता शिविर विरेक अग्रवाल ने बताया कि शिविर में नाल्सा की प्रचलित योजनाओं जैसे श्रम, बाल संरक्षण, ट्रांसजेंडर अधिकार, बंदी/कैदी सहायता, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, वरिष्ठ नागरिक, यातायात दुर्घटना एवं महामारी पीड़ितों के लिए विधिक सहायता से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों का चिन्हांकन एवं पंजीकरण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने अब तक की गई तैयारियों से जनपद न्यायाधीश को विस्तार पूर्वक अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल आवंटन, लाभार्थियों की सूची तैयार करने, योजनाओं के प्रचार-प्रसार, पात्र व्यक्तियों के चिन्हांकन तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
बैठक में जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश सहित समाज कल्याण, शिक्षा, दिव्यांग सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास, कृषि, जल शक्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण, पंचायती राज, उद्योग, कौशल विकास, पशुपालन, श्रम, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, परिवहन, विद्युत, खाद्य सुरक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियां