नोएडा। जनपद गौतमबुद्व नगर की जनता को संचारी रोगों से सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-39 स्थित संयुक्त जिला अस्पताल से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं 11 से 31 अक्टूबर तक घर-घर दस्तक अभियान चलेगा।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि जनपद में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और जनजागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज जिला चिकित्सालय परिसर सेक्टर-39 में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया।
उन्होंने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक तथा घर-घर दस्तक अभियान 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक जनपद में संचालित किया जाएगा। इन अभियानों का उद्देश्य संचारी रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उपचार के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आदतों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों से जुड़े कार्मिकों को शामिल किया गया है। अभियान के अंतर्गत संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों, लक्षणों की पहचान तथा समय पर उपचार के महत्व को लेकर व्यापक जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति हमें संचारी रोग से ग्रस्त मिलता है, तो तत्काल उसको जिला अस्पताल भेज कर उपचार कराया जायेगा।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि दस्तक अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, ठहरे हुए पानी को हटाने, मच्छरों के प्रजनन को रोकने, पीने के पानी को स्वच्छ रखने तथा नियमित रूप से हाथ धोने जैसी मूलभूत आदतों को अपनाने के लिए जनता को प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने भी नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के बुखार, त्वचा पर दाने, सिरदर्द या उल्टी-दस्त जैसी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच और उपचार कराएं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक सतर्कता और समय पर चिकित्सा से गंभीर बीमारियों को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग द्वारा आने वाले दिनों में व्यापक जनसंपर्क, प्रचार-प्रसार और सामुदायिक सहभागिता के जरिए जिले में संचारी रोगों पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा।